तिरुवनंतपुरम: मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) शुक्रवार को सभी जिला मुख्यालयों पर ‘लोकतंत्र बचाओ’ बैठकें आयोजित करेगी। पार्टी की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, केपीसीसी के महासचिव (संगठन) नेय्यत्तिनकारा सनल ने कहा कि ये बैठकें संबंधित जिला कांग्रेस समितियों (डीसीसी) के नेतृत्व में आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा और के. सी. वेणुगोपाल, केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन तथा अन्य नेताओं, सांसदों और निर्वाचित प्रतिनिधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की।
राहुल गांधी और प्रियंका ने अपने समर्थकों के साथ छह और सात अक्टूबर को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में प्रदर्शन किया था। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत लगभग 90 लोगों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों को अलग-अलग थानों में ले जाया गया तथा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को रात आठ बजे के कुछ देर बाद रिहा कर दिया गया।


