तिरुवनंतपुरम: केरलम के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने हाल में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में मारे गए नौ लोगों के परिजनों को आठ-आठ लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का फैसला किया है।

सतीशन ने सुबह मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि अचानक आई बाढ़ में पांच लोगों की मौत हो गयी और एक व्यक्ति लापता है, जबकि इडुक्की और कोट्टायम जिलों में दो-दो लोगों की मौत हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल ने प्रत्येक मृतक के परिवार को आठ लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने का निर्णय लिया है।
उन्होंने संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा कि राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं और उनसे हो रही मौतों को रोकने के लिए सरकार एक व्यापक अभियान शुरू करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क हादसों में मौतों के अलावा कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत एक ओर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे और दूसरी ओर कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से सरकार की इस पहल में सहयोग करने की अपील की।


