
Koderma News : कोडरमा घाटी के नौवें माइल के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोलकाता से दाल लादकर बिहार के नवादा जा रहा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे हाईवा से जोरदार टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चालक व खलासी केबिन में फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पुलिस और सड़क सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची। काफी कोशिशों के बावजूद जब चालक को बाहर नहीं निकाला जा सका तो क्रेन की मदद ली गई। क्रेन की सहायता से केबिन को काटकर चालक और खलासी को बाहर निकाला गया।
इस हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि खलासी को हल्की चोटें आईं। घायल चालक की पहचान बिहार के नवादा निवासी प्रदीप यादव के रूप में हुई है। उसे तुरंत कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि उसके दोनों पैर टूट गए हैं।
स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने चालक को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया है।

