
Dhanbad News : धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र में चल रहे देवप्रभा कोल माइनिंग प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध तेज हो गया है। आउटसोर्सिंग कंपनी की कथित मनमानी और लगातार ब्लास्टिंग के खिलाफ ग्रामीणों ने रविवार को थाने के बाहर जमकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रही ब्लास्टिंग और धूल-धुआं के कारण आसपास के घरों में दरारें पड़ रही हैं, जिससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कंपनी ने बाउंड्री के बाहर खुदाई न करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब आरोप है कि रात के समय बाउंड्री तोड़कर भी खनन कार्य किया जा रहा है।
मामले को लेकर विरोध कर रहे युवा समाजसेवी सह दलित नेता मुकेश भुईयां को पूछताछ के लिए थाना बुलाए जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग धनसार थाने पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने आउटसोर्सिंग कंपनी की गतिविधियों पर रोक लगाने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है।

