
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने से जंगली हाथियों की गतिविधियों में वृद्धि देखी जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। मंगलवार और बुधवार की देर रात एक ईंट भट्ठे के पास हाथियों के झुंड के पहुंचने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय मजदूर अपने अस्थायी आवास में विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान हाथियों का झुंड वहां पहुंच गया, जिससे कुछ लोग घायल हो गए और दो लोगों की मौके पर मौत हो गयी।
बताया जा रहा है कि एक मजदूर परिवार भी इस घटना की चपेट में आ गया। जयनगर इलाके के एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करने वाला दंपति अपने दस माह के बच्चे के साथ झोपड़ी में सो रहा था। देर रात हाथियों का झुंड वहां पहुंचा और झोपड़ी को रौंद दिया, जिससे बच्चे की मौके पर मौत हो गयी। जबकि मजदूर दंपति किसी तरह जान बचा कर भाग निकले।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथियों ने आसपास की कुछ झोपड़ियों और ढांचों को भी नुकसान पहुंचाया है। मंगलवार की रात इलाके में हुई दूसरी घटना में हाथियों ने एक अन्य व्यक्ति को भी कुचल कर मार डाला। जिसके बाद घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और रात के समय सतर्क रहने की अपील की है, साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सहायता पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

