रील देखने के दौरान नेटवर्क बंद होने से नाराज महिला ने की आत्महत्या

कोरबा में रील देखते समय नेटवर्क बंद होने से नाराज 52 वर्षीय महिला ने मोबाइल पटकने के बाद कथित तौर पर कीटनाशक पी लिया। इलाज के दौरान मौत हुई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया में रील देखने के दौरान नेटवर्क बंद होने से नाराज 52 वर्षीय महिला ने जहर खाकर कथित तौर पर जान दे दी। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के करतला थाना क्षेत्र के अंतर्गत केराकछार गांव में यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि पांच सितंबर की दोपहर मंगलो बाई सारथी अपने घर में मोबाइल फोन पर सोशल मीडिया में रील देख रही थी। इस दौरान मोबाइल का नेटवर्क बार-बार बंद होने लगा और महिला को रील देखने में परेशानी होने लगी तब उसने गुस्से में मोबाइल को जमीन पर पटक दिया।

अधिकारियों ने बताया कि मोबाइल के क्षतिग्रस्त होने के बाद भी मंगलो बाई का गुस्सा शांत नहीं हुआ और कुछ समय बाद उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया। उन्होंने बताया कि जब महिला की तबीयत बिगड़ी और दर्द से तड़पने लगी, तब घर में मौजूद उसकी 17 वर्षीय बेटी ने परिवार के अन्य सदस्यों को घटना की जानकारी दी। परिजन महिला को करतला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने मंगलो बाई को मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा भेज दिया। वहां इलाज के दौरान सोमवार को महिला की मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलो बाई के परिवार में पति प्रेमलाल सारथी और तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ा बेटा 24 वर्ष का है और अपनी पत्नी के साथ कोरबा शहर में रहता है। करतला स्थित घर में मंगलो बाई के साथ पति प्रेमलाल, 22 वर्षीय पुत्र और 17 वर्षीय पुत्री रहती थी। घटना के दौरान बेटी ने ही मां को गंभीर हालत में देखा था। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।