एक्ट्रेस कृति सेनन ने महिलाओं की सुरक्षा और समाज में पितृसत्तात्मक सोच को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी है. उनका यह पोस्ट ऐसे समय सामने आया है, जब बिहार के जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से कथित बदसलूकी का मामला चर्चा में है. हालांकि, कृति ने अपनी पोस्ट में सीधे जमुई घटना का जिक्र नहीं किया.

‘महिलाएं बनाम पितृसत्तात्मक सोच’
कृति ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “It’s women vs. patriarchal misogynist men & brainwashed women who think patriarchy is a sanskar.” उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर पितृसत्ता, महिलाओं की पसंद और समाज में महिलाओं के प्रति नजरिए को लेकर चर्चा तेज हो गई.
कपड़ों पर ज्यादा सवाल क्यों?
कृति ने एक ऐसे पोस्ट को भी समर्थन दिया, जिसमें सवाल उठाया गया कि महिलाओं के खिलाफ बलात्कार, घरेलू हिंसा और दहेज हत्या जैसी घटनाओं पर कई बार उतनी सार्वजनिक प्रतिक्रिया क्यों नहीं होती, जितनी किसी अभिनेत्री के कपड़ों या उसके लुक को लेकर देखने को मिलती है.
जमुई मामले में क्या हुआ?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 19 सितंबर को जमुई में कक्षा 10 की एक छात्रा और उसके पुरुष सहपाठी को कथित तौर पर युवाओं के एक समूह ने रोका और उनके साथ बदसलूकी की. घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू की.
वायरल वीडियो के बाद पुलिस की कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, घटना में करीब सात लोगों की पहचान की गई है और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था. मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पीड़ितों की निजता को लेकर भी सावधानी बरतने की अपील की गई है.
अबीगैल पांडे ने भी उठाया सवाल
टीवी एक्ट्रेस अबीगैल पांडे ने भी महिलाओं के कपड़ों और महिलाओं के खिलाफ हिंसा को लेकर होने वाली सामाजिक प्रतिक्रियाओं पर सवाल उठाया है. इस बीच कृति की पोस्ट ने महिलाओं की सुरक्षा, विक्टिम-ब्लेमिंग और समाज की प्राथमिकताओं को लेकर चल रही बहस को फिर चर्चा में ला दिया है.


