मुंबई: ‘लालबागचा राजा’ गणेश पंडाल के पास बेहोश होने के बाद व्यक्ति की मौत

मुंबई के लालबागचा राजा पंडाल के पास 68 वर्षीय विजय आनेकर की बेहोश होने के बाद मौत हो गई। गणेशोत्सव में लालबाग इलाके में यह चौथी मौत है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मध्य मुंबई में ‘लालबागचा राजा’ गणेश पंडाल के पास 68 वर्षीय एक व्यक्ति बेहोश हो गया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात हुई। इस साल 12 दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान लालबाग इलाके में मौत की यह चौथी घटना है। घनी आबादी वाले लालबाग-परेल इलाके को मुंबई में सार्वजनिक गणेश चतुर्थी उत्सव का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां कई प्रसिद्ध और विशाल गणेश मूर्तियां स्थापित की जाती हैं, जिन्हें देखने के लिए हजारों लोग पहुंचते हैं।

नगर निकाय के एक अधिकारी ने कालाचौकी पुलिस थाने से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि स्थानीय निवासी विजय आनेकर ‘लालबागचा राजा’ पंडाल के पास हनुमान मंदिर के निकट बैठे थे, तभी वह बेहोश हो गए। अधिकारी ने बताया कि आनेकर को परेल स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका। इससे पहले 17 सितंबर को पुणे निवासी 25 वर्षीय जयदीप मेघराज नेमाडे की ‘लालबागचा राजा’ गणपति पंडाल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। इसके अलावा 20 सितंबर को लालबाग में एक गणेश पंडाल के पास लगाए गए अस्थायी पेयजल स्टॉल पर करंट लगने से आठ वर्षीय एक बच्ची और एक महिला की मौत हो गई थी तथा चार अन्य लोग घायल हो गए थे। उस समय वहां गणपति के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।