मणिपुर के कामजोंग में गोलियों से छलनी चार शव मिले

मणिपुर के कामजोंग जिले में म्यांमा सीमा के पास चार लोगों के शव मिले। स्थानीय लोगों ने उग्रवादियों पर घात लगाकर हमला करने का आरोप लगाया, एक ग्रामीण बच निकला।

2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

इंफाल: मणिपुर के कामजोंग जिले में बृहस्पतिवार देर रात चार लोगों के शव मिले, जिनकी कथित तौर पर संदिग्ध उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गोलियों से छलनी शव म्यांमा सीमा के पास स्थित दूरदराज के गांव पिलोंग में एक सुनसान जगह से मिले। यह स्थान जिला मुख्यालय से करीब 34 किलोमीटर दूर है। पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय तक तलाश किए जाने के बाद रात करीब डेढ़ बजे शव बरामद किए गए।

मृतकों की पहचान वारेशिम जाजो, फामी जाजो, बेटर्सन जाजो और निंगथेम कशक के रूप में हुई है और ये चारों तांगखुल नागा समुदाय से थे। लिस ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए कामजोंग जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को पड़ोसी देश म्यांमा से उग्रवादी भारतीय सीमा में घुसे और उन्होंने पांच ग्रामीणों के एक समूह पर घात लगाकर हमला किया। इनमें से एक व्यक्ति किसी तरह बच निकला और स्थानीय अधिकारियों को इसकी सूचना दी। नागा पीपुल्स फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष अवांगबौ न्यूमै ने हत्याओं की निंदा की और आरोप लगाया कि इसके पीछे कुकी नेशनल आर्मी (बर्मा) के सदस्यों का हाथ है। उन्होंने सभी समुदायों से ‘‘हिंसा त्यागने और शांतिपूर्ण पड़ोसियों के रूप में रहने’’ की अपील की।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।