गांधी जयंती पर सरयू राय करेंगे ‘सट्टा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर विचार क्रांति सम्मेलन’

जमशेदपुर में सट्टा और ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर 2 अक्टूबर को विचार क्रांति सम्मेलन होगा। सरयू राय अध्यक्षता करेंगे, जबकि बाद में स्कूलों और युवाओं के बीच जागरूकता अभियान चलेगा।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर 2 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सट्टा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर विचार क्रांति सम्मेलन’ के मुतल्लिक शुक्रवार को एक आवश्यक बैठक बिष्टुपुर में हुई। बैठक में दो अक्टूबर को हेने वाले इस क्रांति सम्मेलन के बारे में विस्तृत रुप से चर्चा की गई। इस सम्मेलन के संयोजक सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक अधिकारी मनोज सिंह और अमित शर्मा ने बताया कि बैठक में हाल के दिनों में नशाखोरी के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई पर चर्चा हुई। बैठक में कहा गया कि पुलिस ने नशा के जिन सौदागरों को पकड़ा है, वो दरअसल छोटे स्तर पर धंधा करते हैं। पुलिस को बड़े लोगों पर शिकंजा कसने की जरूरत है। खास कर ऐसे लोगों को पकड़ना ज्यादा जरूरी है जो सट्टा का अवैध कारोबार ऑनलाइन करवाते हैं। इनका कहना था कि नशा और सट्टा का कारोबार हजारों करोड़ का है। ये लोग नौजवानों को बर्बाद कर रहे हैं।

सम्मेलन के संयोजक मनोज सिंह ने बताया कि दो अक्टूबर के बाद जन-जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। एक बड़ी टीम बनेगी। यह टीम जन-जागरुकता फैलाएगी। स्कूली बच्चों और नौजवानों पर विशेश फोकस रहेगा। उन्होंने बताया कि शहर में ऐसी बहुतेरी बस्तियां/कालोनियां हैं, जहां छोटी उम्र के लड़के नशा करते हैं। उन्हें इस दलदल से निकालने के लिए काम किया जाएगा। प्रयास होगा कि शहर के जितने भी स्कूल हैं, वहां जाकर बच्चों को नशा से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाए। उन्हें शपथ भी दिलाई जाएगी।

श्री सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में सोशल मीडिया और नुक्कड़ नाटकों के मार्फत भी लोगों को नशेबाजी के खिलाफ सतर्क और सावधान किया जाएगा। इतना ही नहीं, जो लीगल एक्शन है, उसके बारे में भी बताया जाएगा। नशा करने से क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं, उन सभी के बारे में जानकारी दी जाएगी। अमित शर्मा ने बताया कि दो अक्तूबर को प्रस्तावित यह सम्मेलन धालभूम क्लब, साकची में पूर्वाह्न 11बजे से प्रारंभ होगा। सम्मेलन की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बैठक में सैकड़ों लोग उपस्थित होंगे।
बैठक में मुकुल मिश्रा, सुनील चौधरी, नीरज सिंह, जीतेंद्र सिंह जीतू, धर्मेंद्र सिंह, गोल्डन पांडेय, राजू सिंह आदि मौजूद रहे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।