झारखंड में यहां नशे में धुत पति ने पीट-पीटकर कर दी पत्नी की हत्या, हुआ गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: बरवाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्गीडीह गांव के परहिया टोला में आदिम जनजाति समुदाय की एक महिला की हत्या कर दी गयी। महिला का नाम मालती देवी (30) था। उसकी हत्या का आरोप उसके पति राजेश परहिया पर ही लगा है।

आरोप है कि राजेश परहिया ने पीट-पीटकर मालती देवी की हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्रामीणों ने बताया कि मालती देवी का पति राजेश परहिया ने ही गुरुवार की रात शराब के नशे में उसके साथ जमकर मारपीट की थी। मारपीट के कारण मालती को गंभीर चोटें लगी थीं, जिससे उसकी मौत हो गयी।

ग्रामीणों ने ही आरोपी राजेश परहिया को अपने कब्जे में रखा था। पुलिस के आने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

ग्रामीणों के अनुसार दोनों पति-पत्नी में हमेशा झगड़ा होता था। दोनों ही शराब का सेवन करते थे और एक-दूसरे से झगड़ते रहते थे। गुरुवार की रात भी दोनों में खूब झगड़ा हो रहा था।

इधर, डीएसपी दिलु लोहरा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया स्पष्ट है कि शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो जायेगा। पुलिस आरोपी से पूछताछ भी कर रही है।

Share This Article