
लातेहार: महुआडांड़ मानसून की पहली बारिश के साथ ही लातेहार की पहचान बन चुकी है लोध जलप्रपात और नेतरहाट इंटरनेट पर ट्रेंड कर रहे हैं। गूगल, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर इनकी खूबसूरत रील्स और वीडियो वायरल होने के बाद बिहार, यूपी के साथ-साथ अब कर्नाटक और आंध्रप्रदेश से भी पर्यटक यहां की लोकेशन और सुविधाओं की पड़ताल कर रहे हैं।इंटरनेट ट्रेंड का विश्लेषण करने वाली फर्म के विशेषज्ञ अभिषेक मिश्रा के अनुसार, झारखंड के जलप्रपातों के वीडियो और रील्स में पिछले दिनों 50% की बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से इनका सर्च भी तेजी से बढ़ा है।
लोध जलप्रपात झारखंड का सबसे ऊंचा झरना
नेतरहाट से सटा लोध जलप्रपात झारखंड का सबसे ऊंचा जलप्रपात है। 468 फीट की ऊंचाई से गिरता पानी और चारों तरफ का घना जंगल देखकर हर कोई मंत्रमुग्ध हो जाता है। झारखंड के ट्रेवल ब्लॉगर दडीटी शो के देशदीपक त्रिपाठी बताते हैं – _”लोध की पहली झलक देखते ही लोगों के मन में वहां जाने की इच्छा जाग जाती है। मानसून में इसका रूप सबसे भव्य होता है।अभी लोध जलप्रपात राज्य के सबसे ज्यादा ट्रेंड करने वाले डेस्टिनेशन में शामिल है। बिहार और यूपी के पर्यटकों के अलावा अब दक्षिण भारत से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं।
नेतरहाट – ‘छोटा नागपुर की रानी’
प्रकृति की गोद में बसा नेतरहाट को “छोटा नागपुर की रानी” कहा जाता है। यहां के सूर्योदय और सूर्यास्त प्वाइंट, मैगनोलिया पॉइंट और घने जंगल हर साल हजारों पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। मानसून में नेतरहाट की हरियाली और ठंडी हवाएं इसे और भी खास बना देती हैं। लोध जलप्रपात के साथ नेतरहाट का कॉम्बो टूर इस समय इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किया जा रहा है।
बिहार से सबसे ज्यादा सैलानी
बिहार सीमा से नजदीकी के कारण पटना, गया और औरंगाबाद से सबसे ज्यादा पर्यटक आ रहे हैं। पटना के गौरव राय जैसे ट्रैवलर लोध और नेतरहाट के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं, जिसे देखकर महाराष्ट्र, हरियाणा और आंध्रप्रदेश के लोग भी यहां आने की जानकारी मांग रहे हैं।इंटरनेट मीडिया फर्म चलाने वाले कुंदन कुमार झा का कहना है कि इंटरनेट का अल्गोरिदम हाई क्वालिटी की तस्वीरों और वीडियो को ज्यादा प्रमोट करता है। लोध और नेतरहाट की खूबसूरती ही अपने आप में वायरल होने की वजह है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय होटल, गाइड और दुकानदारों के चेहरे खिल गए हैं। लोगों का मानना है कि सरकार अगर यहां बुनियादी सुविधाएं और बेहतर कर दे तो लोध-नेतरहाट देश के टॉप टूरिस्ट डेस्टिनेशन में शामिल हो सकते हैं।

