
LPG gas shortage : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब देश में भी दिखने लगा है। इसकी वजह से एलपीजी गैस की कमी महसूस की जा रही है। लोगों को समय पर गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी परेशानी बढ़ गई है।
खासकर इस समय शादी का सीजन चल रहा है, ऐसे में गैस की मांग भी काफी बढ़ गई है। इसी कारण शादी वाले घरों में खाना बनाने और मेहमानों की व्यवस्था करने में दिक्कत हो रही है। कई जगहों पर कार्यक्रम आयोजित करना भी मुश्किल हो गया है।
हर दिन समाहरणालय ए ब्लॉक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय में लोग कमर्शियल गैस के लिए आवेदन जमा कर रहे हैं। लोग चाहते हैं कि उन्हें समय पर गैस मिल जाए ताकि शादी-विवाह के कार्यक्रम बिना किसी परेशानी के पूरे हो सकें। आवेदन के साथ शादी का कार्ड, गैस एजेंसी का कार्ड और आधार कार्ड की कॉपी भी जमा की जा रही है।
जिला आपूर्ति कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, कमर्शियल गैस की मांग लगातार बढ़ रही है। आवेदन जमा करने के बाद उसकी रसीद की कॉपी गैस एजेंसी में दी जाती है। इसके बाद लोगों को 19 किलो के तीन एलपीजी सिलेंडर दिए जा रहे हैं। बताया गया है कि सिर्फ एक हफ्ते में ही करीब 250 से ज्यादा आवेदन जमा हो चुके हैं, जिससे साफ है कि गैस की किल्लत लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है।

