बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, गांव में शोक

महुआडांड़ के बहेराटोली गांव में बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों ने मुआवजा और आपदा राहत सहायता की मांग की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

महुआडांड़ (लातेहार) : महुआडांड़ प्रखंड के चैनपुर पंचायत अंतर्गत बहेराटोली गांव में शनिवार की सुबह करीब 10 बजे हुई बारिश के दौरान वज्रपात की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बहेराटोली निवासी सीरील लकड़ा 70 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सीरील लकड़ा शनिवार सुबह अपने बैलों को चराने के लिए गांव के समीप स्थित मैदान में गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए उन्होंने छतरी ओढ़ ली, लेकिन कुछ ही देर बाद जोरदार वज्रपात हुआ। बिजली सीधे उनकी चपेट में आ गई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वज्रपात की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उनकी छतरी भी पूरी तरह फट गई।

बारिश थमने के बाद जब ग्रामीण मैदान की ओर पहुंचे तो उन्होंने सीरील लकड़ा को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र मुआवजा तथा अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि बरसात के मौसम में खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचें तथा वज्रपात की आशंका होने पर सुरक्षित स्थान पर शरण लें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।