
नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सरकार पर विद्यार्थियों के खिलाफ ‘‘बदले की भावना से कार्रवाई’’ करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अब गृह मंत्री अमित शाह का इस्तीफा ले लेना चाहिए। खरगे ने 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर किए गए ‘‘बल प्रयोग’’ का हवाला देते हुए ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि 10 दिन पहले सरकार ने युवाओं का ‘‘लाठी-डंडों और पैलेट गन से दमन’’ किया था। खरगे ने कहा, ‘‘युवाओं ने आंदोलन इस शर्त पर वापस लिया कि उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन अब सरकारें अपनी ही जुबान से पलट गई हैं।’’ उन्होंने यह भी दावा किया कि युवाओं के सोशल मीडिया खाते बंद कराए जा रहे हैं और बच्चियों की निजी जानकारी सार्वजनिक की जा रही है। खरगे ने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह संसद के सदन में कदम तक नहीं रख सके और जवाबदेही संबंधी वक्तव्य देने से बचते रहे।

