डैम का कार्य पूरा होने से लोगों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी: आयुक्त जटा शंकर चौधरी

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेदिनीनगर: सिचाई के साथ-साथ नैसर्गिक सुंदरता के लिए मंडल डैम महत्वपूर्ण है। यहां की खूबसूरती पर्यटकों को आकर्षित करती है।

पर्यटन स्थल के रूप में यहां प्रर्यटक प्राकृतिक वादियों का लुत्फ उठाते हैं। यहां पर्यटन की अच्छी संभावनाएं हैं।

पूरी जनवरी यहां पर्यटकों का आना होता है। यहां लोग पिकनिक मनाने आते हैं। डैम का कार्य पूरा होने से लोगों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।

साथ ही दो जिलों की सीमा भी आवागमन से जुड़ेंगी और एक जगह से दूसरे जगह आवागमन में लोगों को सहूलियत होगी।

यह बातें आयुक्त जटा शंकर चौधरी ने कही। वे मंगलवार की शाम को मंडल डैम का भ्रमण करने पहुंचे थे। उनके साथ डीआईजी राजकुमार लकड़ा भी थे।

आयुक्त ने मंडल डैम के साथ-साथ 11 वीं वाहिनी सीआरपीएफ कैंप, सीआरपीएफ के सामुदायिक पुस्तकालय, सीआरपीएफ चौक का भ्रमण किया।

आयुक्त ने कहा कि मंडल क्षेत्र में खेती की काफी संभावनाएं हैं। भूमि भी उपजाऊ किस्म का है।

मंडल डैम का कार्य पूरा होने से क्षेत्र में सालोभर कृषि की संभावनाएं बढ़ जाएगी। साथ ही आसपास के लोगों द्वारा की जा रही खेती को सिंचाई जल उपलब्ध हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में स्कूल एवं आवागमन की सुविधाएं और बढ़ाने से स्थानीय लोगों को फायदा होगा।

स्कूल से यहां के बच्चों को अच्छी शिक्षा मिल सकेगी। वहीं सड़क एवं डैम बनने से आवागमन की सुविधा भी दुरुस्त होगी।

आयुक्त ने कहा कि सीआरपीएफ कैंप बहुत अच्छी जगह पर स्थित है। इस कैंप से कई गतिविधियों पर नियंत्रण होता है। इस कैंप को और मजबूत करने की आवश्यकता है।

आयुक्त एवं डीआईजी तथा अन्य अधिकारियों ने सीआरपीएफ द्वारा स्थापित सामुदायिक पुस्तकालय का भी भ्रमण किया और वहां की शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

डीआईजी राजकुमार लकड़ा ने कहा कि आमजनों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए जवान कार्य कर रहे हैं।

सामुदायिक पुलिसिंग की बात हो या सामुदायिक पुस्तकालय की सुविधा। विभिन्न सुविधाओं से लोगों की स्थिति को समृद्ध करने का कार्य हो रहा है।

Share This Article