पलामू में खिलाड़ियों को सुविधा देने के लिए प्रशासन कटिबद्ध: उपायुक्त

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मेदिनीनगर: प्रमंडल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियन बनकर लौटी पलामू की टीम से शुक्रवार को उपायुक्त शशि रंजन ने मुलाकात की। उन्होंने टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि लातेहार के इंडोर स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय प्रमण्डल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में पलामू ओवरऑल विजेता बना है।

उपायुक्त ने कहा कि जिले में ऊर्जावान खिलाड़ियों की कमी नहीं है। प्रमंडल में ओवरऑल चैंपियन बनना पलामू जिले के लिए गर्व की बात है।

जिले के खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में और बेहतर प्लेटफार्म देने के लिए प्रशासन तत्पर है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का एक अभिन्न अंग है तथा भविष्य निर्माण में भी अहम भूमिका निभाता है।

पलामू की विजेता टीम उप विकास आयुक्त शेखर जमुआर से भी मिली।

उप विकास आयुक्त ने टीम के सभी सदस्यों को बधाई दी तथा उन्हें इसी तरीके से पलामू का परचम लहराने की शुभेक्षा की।

जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा ने बताया कि लातेहार में आयोजित की गई प्रमण्डल स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में अंडर-19 सिंगल के विजेता शौर्य कुमार बने।

वहीं आकाश और कैफ अंडर-19 डबल के विजेता बने। अभिषेक और विक्की अंडर-19 के उप विजेता बने।

मनोज और गुरुजीत ने 35 वर्ष से ऊपर वाले श्रेणी में जीत हासिल की तो शुभम गुप्ता और ऋषि गुप्ता पुरुष डबल तथा अजय ठाकुर और भूषण 35 वर्ष के ऊपर की श्रेणी के उप विजेता बने।

वहीं अजय ठाकुर 35 वर्ष के ऊपर के श्रेणी के सिंगल के विजेता बने।

विजेता खिलाड़ियों के साथ जितेंद्र कुमार प्रशिक्षक के तौर पर गए थे, वहीं वेद प्रकाश टीम मैनेजर के तौर पर गए थे।

Share This Article