
Jharkhand Politics: स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की कार्यशैली पर तीखा हमला बोलते हुए शुक्रवार को कहा कि झारखंड प्रेम, भाईचारे और संविधान की भावना से संचालित होने वाला राज्य है। यहां किसी गरीब, मजदूर, अल्पसंख्यक, आदिवासी या कमजोर वर्ग के व्यक्ति का आशियाना उजाड़ने की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी।
डॉ. अंसारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस प्रकार बुलडोजर और भय की राजनीति की जा रही है, वह झारखंड में किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की पहचान सामाजिक सौहार्द, आपसी सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों से है, न कि दमन और विभाजन की राजनीति से।
स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपनी कार्यशैली में सुधार लाए और समाज को बांटने की राजनीति बंद करे। उन्होंने कहा कि यदि झारखंड में किसी गरीब, अल्पसंख्यक, दलित, आदिवासी या पिछड़े वर्ग के अधिकारों पर हमला करने की कोशिश की गई, तो उसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक व्यापक जनांदोलन खड़ा किया जाएगा।
डॉ. अंसारी ने कहा, “मैं साफ कर देना चाहता हूं कि यह उत्तर प्रदेश नहीं, झारखंड है। यहां संविधान सर्वोपरि है। किसी के घर को उजाड़ने, किसी को डराने या उसके अधिकार छीनने की राजनीति को हम किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देंगे। झारखंड में भाईचारा चलेगा, नफरत नहीं; इंसाफ चलेगा, अन्याय नहीं।”

