आइजोल: मिजोरम के गृह मंत्री और सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएमस) के नेता के. सपडंगा ने सोमवार को कहा कि सत्ता में बने रहने के लिए पार्टी की एकजुटता, जमीनी स्तर पर लामबंदी और जनता तथा गिरजाघर का निरंतर समर्थन बेहद महत्वपूर्ण है।
यहां जेडपीएम कार्यालय में पार्टी की एक बैठक को संबोधित करते हुए, सपडंगा ने कहा कि पार्टी के पास नवंबर 2028 के आसपास होने वाले अगले विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिए लगभग दो साल का समय है।
उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से यह आकलन करने को कहा कि इस अवधि के दौरान संगठन मजबूत होगा या अपनी जमीन खो देगा।
उन्होंने कहा, “पार्टी नेता और कार्यकर्ता सबसे महत्वपूर्ण हैं। हमारा प्रदर्शन हमारे कथनी और करनी में दिखाई देगा। लेकिन जनता ही हमें अंक देगी।”
सपडंगा ने 2023 के चुनाव में जेडपीएम की जीत का श्रेय व्यापक राजनीतिक व चुनावी प्रशिक्षण, जमीनी लामबंदी और पार्टी मुख्यालय, ब्लॉक, इकाइयों, महिला व युवा मोर्चों के बीच एकजुटता को दिया।

