द्रमुक-भाजपा गठबंधन की अटकलें ‘कोरी कल्पना’, भाजपा का साथ मंजूर नहीं : एमएमके प्रमुख जवाहिरुल्लाह

एमएमके प्रमुख एमएच जवाहिरुल्लाह ने डीएमके-बीजेपी गठबंधन की अटकलों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि भाजपा से गठबंधन करने वाले किसी भी दल के साथ उनकी पार्टी गठबंधन नहीं करेगी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु): मनिथनेया मक्कल काच्चि (एमएमके) अध्यक्ष एम. एच. जवाहिरुल्लाह ने सोमवार को द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच किसी भी राजनीतिक गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए इसे ‘‘कोरी कल्पना’’ करार दिया। एमएमके अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी ऐसे किसी दल के साथ कभी भी गठबंधन नहीं करेगी, जो भाजपा के साथ हाथ मिलाएगा। यहां पत्रकारों से बातचीत में जवाहिरुल्लाह ने कहा कि द्रमुक और भाजपा की विचारधाराएं बिल्कुल विपरीत हैं।

द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन के राजनीतिक रुख का उल्लेख करते हुए उन्होंने याद दिलाया कि स्टालिन नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ सड़कों पर उतरे थे और संघीय ढांचे तथा धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों की रक्षा के लिए केंद्र के वक्फ संशोधन विधेयक के विरोध में विधानसभा में प्रस्ताव लाने की अगुवाई की थी। जवाहिरुल्लाह ने द्रविड़ पार्टी और भाजपा के बीच संभावित गठबंधन को लेकर हाल में की गई राजनीतिक टिप्पणियों को खारिज किया और कहा, ‘‘हमारा रुख स्पष्ट है। हम ऐसे विचारों में विश्वास करते हैं जो संविधान और धर्मनिरपेक्षता की रक्षा करते हैं। भाजपा संवैधानिक ढांचे को कमजोर करने की कोशिश करती है। हम ऐसे किसी भी दल के साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे, जो भाजपा के साथ गठबंधन करता है।’’

केंद्र-राज्य संबंधों पर एमएमके नेता ने केंद्र सरकार से तमिलनाडु की लंबित मांगों पर ध्यान देने और राज्य की जायज वित्तीय बकाया राशि रोके बिना जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) और प्रत्यक्ष करों के तहत सबसे अधिक योगदान देने वाले राज्यों में से एक है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।