मंत्रिमंडल फेरबदल से पहले कई दिग्गज मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: Modi cabinet मोदी सरकार में बुधवार की शाम बड़े पैमाने पर फेरबदल से पहले कई दिग्गज मंत्रियों की ओर से इस्तीफा देने का सिलसिला शुरू हो चुका है।

सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने इस्तीफा दे दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार संभवत: कोविड की दूसरी लहर से पहले ठीक प्रकार से प्रबंधन नहीं कर पाना भी उनके द्वारा अपना पद छोड़ने का एक कारण हो सकता है।

खासकर कोरोना की दूसरी लहर के समय हर्षवर्धन की व्यापक रूप से आलोचना की गई, क्योंकि स्वास्थ्य मंत्रालय को कोविड की स्थिति और वैक्सीन प्रशासन के प्रबंधन के लिए नोडल मंत्रालय के रूप में देखा जाता है।

वरिष्ठ मंत्रियों में शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सदानंद गौड़ा (केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री) और संतोष गंगवार (केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री) ने भी इस्तीफा दे दिया है। कोविड के दौरान प्रवासियों के संकट के लिए गंगवार को आलोचना का सामना करना पड़ा है।

फेरबदल से पहले केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत को कर्नाटक का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

राज्य मंत्रियों में देबाश्री चौधरी, महिला एवं बाल विकास; रतन लाल कटारिया, जल शक्ति और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता; संजय धोत्रे, शिक्षा; प्रताप चंद्र सारंगी, पशुपालन; रावसाहेब पाटिल, उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण; अश्विनी चौबे, स्वास्थ्य; और बाबुल सुप्रियो ने इस्तीफा दे दिया है।

मौजूदा राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर, जी. किशन रेड्डी और पुरुषोत्तम रूपाला पदोन्नति के लिए तैयार हैं और उन्हें कैबिनेट मंत्री का पद मिलना तय माना जा रहा है।

Share This Article