मुंबई में ओमीक्रोन वेरिएंट के 2 नए संक्रमित, चिंता बढ़ी लेकिन प्रतिबंध नहीं

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मुंबई शहर में सोमवार को दो नए ओमीक्रोन वेरिएंट संक्रमित पाए गए हैं। इससे महाराष्ट्र में ओमीक्रोन से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।

इनमें दो मुंबई में, एक कल्याण में, एक पुणे में और छह पिंपरी-चिंचवड़ में मिले हैं। इन सबकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने बताया कि ओमीक्रोन मरीजों का इलाज जारी है लेकिन इससे घबराने की जरुरत नहीं है बल्कि लोगों को सावधान रहना चाहिए। राज्य में फिलहाल किसी भी तरह का प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।

महाराष्ट्र स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 25 नवंबर को मुंबई आए 37 वर्षीय युवक और उनकी 36 वर्षीय महिला मित्र की आज ओमीक्रोन वेरियंट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

इन दोनों का इलाज मुंबई के सेवन हिल अस्पताल में हो रहा है। इनके संपर्क में आने वाले 5 अतिनिकटस्थ तथा 315 नजदीकी लोगों की जांच की जा रही है।

महाराष्ट्र में इस समय कुल 35 संदिग्ध ओमीक्रोन वेरिएंट मरीजों का इलाज जारी है, इनमें 25 मुंबई में और 10 मुंबई के बाहर के मरीजों का समावेश है।

इन मरीजों के नमूने जिनोमिन सिक्वेंसिंग जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद इनके बारे में सही जानकारी प्राप्त हो सकेगी।

मुंबई नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकाणी ने बताया कि मुंबई में इस समय 25 मरीजों के नमूने ओमीक्रोन वेरिएंट की जांच के लिए भेजे गए हैं।

ओमीक्रोन की वजह से मुंबई में 30 हजार बेड की व्यवस्था की गई है। साथ ही आक्सीजन की कमी न हो, इस पर ध्यान दिया जा रहा है। मुंबई नगर निगम की टीम एयरपोर्ट पर हाई रिस्क देशों से आने वाले यात्रियों की नियमित जांच तथा जिनोमिन सिक्वेंसिंग जांच कर रही है।

Share This Article