मुंबई : मुंबई पुलिस ने शहर में तीन अलग-अलग अभियानों के दौरान 1.32 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए हैं और इस सिलसिले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस के मादक पदार्थ रोधी प्रकोष्ठ (एएनसी) ने ये अभियान चलाए। एएनसी की बांद्रा इकाई ने मंगलवार को पहले अभियान में कासिफ फारुख शेख (23) को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1,113 ग्राम चरस बरामद की गई। गश्ती दल ने एसवी रोड पर जोगेश्वरी बस डिपो के पास शेख को रोका। जब्त किए गए मादक पदार्थ को खुदरा बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था और अवैध बाजार में इसकी कीमत लगभग 1.11 करोड़ रुपये आंकी गई है। आरोपी माझगांव का निवासी है।

मंगलवार को घाटकोपर इकाई ने ओडिशा से संचालित अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तिलकनगर में लोकमान्य तिलक टर्मिनस के पास से मनीषकुमार बैजनाथ चौधरी (25) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि विश्वसनीय सूचना के आधार पर सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड पुल के पास जाल बिछाया गया। आरोपी के पास से 22 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 11 लाख रुपये आंकी गई है। शुरुआती पूछताछ के अनुसार, आरोपी ने मुंबई में आपूर्ति करने के लिए ओडिशा से गांजे की खेप मंगाई थी। बुधवार को चलाए गए अभियान में एएनसी की आजाद मैदान इकाई ने चेंबूर इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 331.49 ग्राम मेफेड्रोन बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है।
अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच की जा रही है।


