
‘मुन्नाभाई’ फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग का इंतजार कर रहे प्रशंसकों के लिए राहत भरी खबर है। फिल्म निर्माता राजकुमार हिरानी और अभिनेता अरशद वारसी ने स्पष्ट किया है कि ‘मुन्नाभाई 3’ को ठंडे बस्ते में नहीं डाला गया है। उन्होंने बताया कि फिल्म पर गंभीरता से काम जारी है और फिलहाल तीन अलग-अलग स्क्रिप्ट्स पर विचार किया जा रहा है। दोनों के इस बयान के बाद लंबे समय से चल रही अफवाहों पर विराम लग गया है।
हिरानी ने बताई देरी की असली वजह
राजकुमार हिरानी ने कहा कि मुन्ना और सर्किट जैसे लोकप्रिय किरदारों के लिए नए विचारों की कमी नहीं है। असली चुनौती ऐसी कहानी तैयार करना है, जो शुरुआत से अंत तक दर्शकों को बांधे रखे। उन्होंने कहा कि अगर सिर्फ आधी कहानी तक फिल्म बनानी होती, तो वह कई फिल्में बना सकते थे, लेकिन उनका लक्ष्य एक ऐसी स्क्रिप्ट तैयार करना है जो हर स्तर पर दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरे।
सिर्फ कमाई के लिए नहीं बनाना चाहते फिल्म
हिरानी ने साफ किया कि वह केवल बॉक्स ऑफिस कमाई के लिए ‘मुन्नाभाई 3’ नहीं बनाना चाहते। उनके मुताबिक, अगर उद्देश्य सिर्फ व्यावसायिक सफलता होता, तो अब तक फ्रेंचाइजी के कई सीक्वल रिलीज हो चुके होते। उनका मानना है कि इस प्रतिष्ठित सीरीज को आगे बढ़ाने के लिए मजबूत और यादगार कहानी सबसे जरूरी है।
अरशद वारसी ने दिया बड़ा संकेत
फिल्म में ‘सर्किट’ का किरदार निभाने वाले अरशद वारसी ने बताया कि राजकुमार हिरानी के पास तीन लगभग तैयार स्क्रिप्ट्स मौजूद हैं। उनके अनुसार, सभी कहानियां शानदार हैं, लेकिन हर स्क्रिप्ट में अभी एक महत्वपूर्ण कड़ी जुड़नी बाकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही यह कमी पूरी होगी और ‘मुन्नाभाई 3’ को लेकर आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।

