
पटना : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के फकुली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक 75 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की पहचान मो. हबीब (75 वर्ष), निवासी फतेहपुर बलिया, थाना फकुली के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उनके घर पहुंचे थे और कहने लगे कि एक ग्रामीण की पत्नी को “डायन” ने पकड़ लिया है, और यह काम मृतक की पत्नी ने किया है।
इसी बात को लेकर वे लोग गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। परिजनों के अनुसार, विवाद के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें मो. हबीब गिर गए। गिरने से उन्हें गंभीर चोट लगी और ब्रेन हेमरेज हो गया, जिसके कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक के परिजन मो. आलम ने बताया कि पहले रात में कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर घर आए थे और फिर चले गए। अगले दिन फिर से कई लोग पहुंचे और दरवाजे पर आकर गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इसी दौरान मो. हबीब बीच-बचाव करने आए, लेकिन लोगों ने उन्हें धक्का दे दिया, जिससे वे गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।

