मैसूरु की अदालत ने 10 वर्षीय लड़की से दुष्कर्म, हत्या के मामले में एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई

मैसूरु की विशेष पॉक्सो अदालत ने 10 वर्षीय बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में दोषी को मौत की सजा और भारी जुर्माने का ऐतिहासिक आदेश सुनाया है।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मैसूरु: कर्नाटक के मैसूरु की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने 10 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में 31 वर्षीय व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई और एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
घटना पिछले साल दशहरा उत्सव के दौरान हुई थी। बच्ची अपने माता-पिता के साथ गुब्बारे बेचने के लिए उत्तर कर्नाटक से मैसूरु आई थी।

न्यायाधीश आनंद पी. होगाडे ने शनिवार को सजा सुनाते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को यह सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया कि पीड़िता के परिवार को 13.50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।

दर्ज मामले के अनुसार, बच्ची के माता-पिता इत्तिगेगुड में नागस्वामी मंदिर के पास एक खाली भूखंड पर बनी अस्थायी झोपड़ी में रह रहे थे। दशहरा उत्सव समाप्त होने के बाद वे अपने गांव लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान नौ अक्टूबर, 2025 को तड़के उनकी झोपड़ी के पास नाले में बच्ची का शव मिला।बच्ची के माता-पिता की शिकायत के आधार पर नजरबाद थाने में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से सिद्धलिंगपुरा के रहने वाले आरोपी कार्तिक की गतिविधियों का पता लगाया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान, घटनास्थल का निरीक्षण कराने के बाद वापस लाए जाते समय उसने कथित तौर पर भागने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने मेटागल्ली के पास उसके दाहिने पैर में गोली मारकर उसे पकड़ लिया।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया।

मैसूर मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टिट्यूट (एमएमसीएंडआरआई) के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, डीएनए जांच, बेंगलुरु स्थित राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने बृहस्पतिवार को कार्तिक को दोषी ठहराया था।
शनिवार को उसे सजा सुनाई गई।

Share This Article