
सिंगरौली : एनसीएल के नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनएससी) में सीएसआर पहल “नन्हा-सा-दिल-एनसीएल” के अंतर्गत नर्सिंग क्रिटिकल केयर एवं इकोकार्डियोग्राफी प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 से 18 जुलाई तक नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान श्री सत्य साईं संजीवनी हॉस्पिटल के विशेषज्ञों की ओर से एनसीएल में कार्यरत चिकित्सकों को 2-डी इको कार्डियोग्राफ़ी और मेट्रोन, नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ को रोगी की मूलभूत देखभाल, आराम एवं पोषण, हृदय मॉनिटरिंग एवं उपकरण संचालन, वेंटीलेशन केयर, ऑक्सीजन फ्लो मीटर का संचालन एवं देखभाल, इन्फ्यूजन पंप का संचालन एवं देखभाल, सीपीआर और बेसिक लाइफ सपोर्ट की बारीकियों से संबन्धित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान निदेशक (मानव संसाधन), मनीष कुमार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे एवं अपने उद्बोधन में उन्होने सिंगरौली परिक्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नेहरू शताब्दी चिकित्सालय की क्रिटिकल केयर (आपातकालीन देखभाल) क्षमताओं को और अधिक सुदृढ़ करेगा, जिससे एनसीएल कर्मियों सहित सिंगरौली परिक्षेत्र में परिधीय समुदाय को उत्कृष्ट व उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने टीम एनएससी के समर्पण और सेवा-भाव की भी सराहना की। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा सेवाएं (एनएससी), डॉ. विवेक खरे, सीएमएस (प्रभारी), डॉ. मंजरी मेहता, महाप्रबन्धक (सीएसआर), श्री राजीव रंजन, डॉ. मोनिका मोनी (एटीओ) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी, सत्य साईं संजीवनी अस्पताल से श्रीमती सौम्या जंध्याला, डॉक्टर यामिनी बाथम, गिरिजा शंकर सातम, सरोजिनी मंजूनाथ, नंद उदय कुलकर्णी और गौरव दत्त उपस्थित रहे।

