लता मंगेशकर के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बोली एक युग का हो गया अंत : सोनिया गांधी

News Desk
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भारत रत्न लता मंगेशकर के निधन पर शोक जाहिर करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।

सोनिया गांधी ने शोक संदेश जारी कर स्वर कोकिला लता मंगेशकर को नमन करते हुए कहा , स्वर कोकिला लता जी की मधुर आवाज आज मौन होने पर स्तब्ध हूं।

एक युग का अंत हो गया। दिल छू लेने वाली आवाज, राष्ट्र प्रेम के गीत और लता दीदी का संघर्षमय जीवन सदा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा रहेगा। उनकी अंतिम यात्रा में नमन व भाव भीनी श्रद्धांजलि।

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोनिया गांधी द्वारा जारी शोक संदेश को ट्वीट कर भारत रत्न लता मंगेशकर को नमन किया।

कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी और देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के साथ लता मंगेशकर की एक पुरानी फोटो को शेयर करते हुए कहा, भारतीय संगीत की बगिया में सुरों को चुन-चुन कर सजाने वाली सुर साम्राज्ञी सुश्री लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार मिला।

उनके निधन से भारतीय कला जगत को एक अपूर्णीय क्षति हुई है। ईश्वर लता जी को श्री चरणों में स्थान दें और इस दु:ख की घड़ी में परिजनों को कष्ट सहने का साहस दें।

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने लता मंगेशकर के निधन पर शोक जाहिर करते हुए ट्वीट कर कहा, लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वह कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं।

उनकी सुनहरी आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में हमेशा गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

Share This Article