

भारतीय डाक विभाग ने ग्रामीण डाक सेवक के 23,757 पदों पर बंपर भर्तियों का नोटिफिकेशन जारी किया है। इन पदों के तहत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों के पोस्टल सर्कल में ब्रांच पोस्टमास्टर और असिस्टेंट ब्रांच पोस्टमास्टर के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 21 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने के लिए उम्मीदवारों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से गणित और अंग्रेजी विषय के साथ 10वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही अभ्यर्थी ने जिस पोस्टल सर्कल के लिए आवेदन किया है, वहां की स्थानीय भाषा की पढ़ाई 10वीं तक की हो या फिर उन्हें स्थानीय भाषा का ज्ञान होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को साइकिल या मोटरसाइकिल चलाने का ज्ञान होना चाहिए और मान्यता प्राप्त संस्थान से कम से कम 60 दिनों का बेसिक कंप्यूटर ट्रेनिंग सर्टिफिकेट भी अनिवार्य रखा गया है, हालांकि जिन अभ्यर्थियों ने 10वीं, 12वीं या उच्च शिक्षा में कंप्यूटर एक विषय के रूप में पढ़ा है, उन्हें इस सर्टिफिकेट से छूट मिलेगी।
आयु सीमा की बात करें तो न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष तय की गई है। योग्य उम्मीदवारों का चयन 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसमें उच्च शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को कोई अतिरिक्त प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। वेतनमान के तहत बीपीएम पद के लिए 12,000 से 29,380 रुपये और एबीपीएम पद के लिए 10,000 से 24,470 रुपये देय होगा। आवेदन शुल्क 100 रुपये तय किया गया है, जबकि एससी, एसटी वर्ग, दिव्यांगों और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन निःशुल्क है। इच्छुक उम्मीदवार इंडिया पोस्ट की आधिकारिक वेबसाइट ( https://indiapost.gov.in/gdsonlineengagement ) पर जाकर आसानी से अपना ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।





