जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर-1 में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान तनुश्री दास के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब पांच महीने पहले हुई थी और वह अपने पति के साथ बिरसानगर में रहती थी।
परिजनों के अनुसार, बुधवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद तनुश्री ने तनाव में आकर फांसी लगा ली। पति ने उसे फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल ले गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। पति के अनुसार, दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध था और करीब पांच महीने पहले उन्होंने शादी की थी। तनुश्री दूसरे घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती थी।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

