धनबाद के कार चालक की गोली मारकर हत्या, कार लेकर फरार हुए अपराधी

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन से पश्चिम बंगाल के आसनसोल जा रहे स्विफ्ट कार चालक विकास कुमार की हत्या कर दी गई।

यात्री बनकर कार में सवार हुए लुटेरों के गिरोह ने चालक को गोली मार दी। इसके बाद शव को कुल्टी थाना क्षेत्र के बेनग्राम के नजदीक एनएच-2 के किनारे फेंक दिया।

लुटेरे कार लेकर फरार हो गए। वारदात को सोमवार देर रात अंजाम दिया गया।

पुलिस के मुताबिक विकास कुमार धनबाद के मटकुरिया इलाके का रहने वाला था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार चालक कुछ लोगों को धनबाद स्टेशन से लेकर आसनसोल आ रहा था।

इसकी जानकारी उसने पहले अपने परिवार वालों को दी थी। इसके बाद युवक का शव सड़क किनारे से बरामद किया गया।

मरने वाले कार चालक के बेटे मनीष ने बताया कि आसनसोन रवाना होने के बाद पिता का कोई फोन नहीं आया। मंगलवार की सुबह नजदीकी थाने से पता चला कि उनके पिता की हत्या कर दी ई।

जिस जगह से शव बरामद हुआ है, उस जगह पर बेनाग्राम का साइन बोर्ड लगा है। पोल पर खून के धब्बे हैं।

क्या है मामला

आशंका व्यक्त की जा रही है कि पहले विकास के साथ मारपीट की गई। इसके बाद कान के ठीक पास गोली मार दी गई। घटना से क्षेत्र के वाहन चालकों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि तीन से चार लोगों ने रात 11:30 बजे धनबाद स्टेशन से आसनसोल पहुंचाने के लिए कार को किराये पर बुक किया था।

पेशे से ड्राइवर विकास स्विफ्ट डिजायर कार लेकर इनके साथ गए। उन्होंने रात 11:50 बजे मैथन टोल प्लाजा पार किया। यह सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है।

झारखंड से बंगाल में प्रवेश करने के बाद यात्रियों के वेश में बैठे लुटेरों ने चालक को गोली मार दी।

सोमवार रात करीब 1:45 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने पुलिस को फोन कर शव दिखने की सूचना दी। मृतक की जेब से घर का फोन नंबर मिला। इसके बाद परिवार ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त की।

Share This Article