झारखंड विधानसभा : मनीष जायसवाल ने विधानसभा में उठाया रूपेश पांडे हत्याकांड का मामला

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो गया है। सत्र हंगामेदार होने की संभावना है।

सत्र के पहले दिन राज्यपाल के अभिभाषण के बाद हजारीबाग से भाजपा विधायक मनीष जायसवाल ने बरही में हुए रूपेश पाण्डेय हत्याकांड का मामला उठाया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छह फरवरी को सरस्वती पूजा में प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ ने रूपेश पांडेय की हत्या कर दी।

इस मामले में 27 नामजद अभियुक्तों में से अबतक पांच को ही पकड़ा गया है। इस मामले पर त्वरित न्याय मिले, इसके लिए सरकार फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करे।

साथ ही किसी केंद्रीय एजेंसी से इसकी जांच करायी जाये। उन्होंने कहा कि रूपेश पांडेय के परिजनों को 50 लाख का मुआवजा मिले ताकि उनके परिजन जीवनयापन कर सकें।

वहीं दूसरी ओर सत्र के दौरान भाजपा विधायक अपर्णा सेन गुप्ता और कांग्रेस विधायक इरफान अंसारी ने जामताड़ा में गुरुवार को नाव बहने से 23 लोगों के लापता होने का मामला उठाया।

दोनों ने कहा कि इस नौका दुर्घटना में चार लोगों को बचाया गया है। अभी भी 19 लोग लापता हैं। विधायकों ने लापता लोगों के परिजनों को सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग की।

साथ ही बरकार नदी पर पुल निर्माण की भी मांग की। इस पर स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया।

इसके अलावा कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव ने यूक्रेन में फंसे झारखंड के छात्रों को वापस लाने की मांग की।

उन्होंने कहा कि झारखंड के बहुत से छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। कई वीडियो कॉल से वापसी की गुहार लगा रहे हैं।

राज्य सरकार केंद्र सरकार से आग्रह कर यूक्रेन में फंसे छात्रों की सकुशल वापसी की व्यवस्था करे।

इसके अलावा भाजपा विधायक अनंत ओझा ने सदन में कहा कि साहिबगंज में पुलिस कस्टडी में एक युवक की मौत हो गयी है , जिसकी निष्पक्ष जांच करायी जानी चाहिए।

Share This Article