बारपेटा: असम के बारपेटा जिले से राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय आतंकवाद-रोधी एजेंसी ने सोमवार रात हाउली, बारपेटा रोड और सोरभोग थाना क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू किया। तलाशी अभियान के बाद एनआईए ने सोरभोग थाना क्षेत्र से तीन, बारपेटा रोड से दो और हाउली से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान सोरभोग के फारूक अब्दुल्ला, जाकिर हुसैन और चांदबार अली, बारपेटा रोड के मुस्तफिजुर रहमान, निशुका के याकूब अली और हाउली के जशिहाटीपारा गांव के रकीबुल इस्लाम के रूप में हुई है। अधिकारियों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार किए गए लोग ‘‘जिहादी’’ गतिविधियों में शामिल थे और जिले के युवाओं को कट्टरपंथी बनाने का प्रयास कर रहे थे।


