
पटना: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा की शपथ लेने जा रहे हैं। गुरुवार को वे जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और मंत्री विजय चौधरी के साथ दिल्ली पहुंचे। दिल्ली पहुंचने के बाद मीडिया से बातचीत में नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार सरकार में नए चेहरों को लेकर फैसला 3-4 दिनों में हो जाएगा। उन्होंने अपने लंबे कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, “बिहार में बहुत काम किए। 21 साल रहे। अब यहीं रहेंगे।” साथ ही उन्होंने बताया कि शुक्रवार को सवा 12 बजे वे राज्यसभा की शपथ लेंगे।
जब उनसे यह पूछा गया कि उनकी पसंद का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, तो उन्होंने इस सवाल पर चुप्पी साध ली। उनके साथ मौजूद नेताओं ने “हो गया, हो गया” कहकर सवाल को टाल दिया। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे। इस बीच संजय झा ने जानकारी दी है कि 13 अप्रैल के बाद बिहार में नई सरकार बनाने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी और संभावना है कि 15 अप्रैल तक नई सरकार का गठन हो सकता है।
इधर, बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे पर शुक्रवार को दिल्ली में बीजेपी कोर ग्रुप की अहम बैठक होने वाली है। बैठक में शामिल होने के लिए दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा गुरुवार को ही दिल्ली पहुंच गए। उनके साथ मंत्री श्रेयसी सिंह भी मौजूद रहीं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में मुख्यमंत्री पद के लिए एक नाम पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। वहीं बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा है कि नई सरकार का गठन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में तय किया जा रहा है।

