
रांची : झारखंड में आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव रहने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में गर्मी और बढ़ेगी, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश से राहत भी मिल सकती है। इस गर्मी के दौरान अच्छी बात यह है कि 17 अप्रैल को राज्य के उत्तर-पूर्वी भाग में आंशिक बदलाव रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह इन जिलों में बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक आहिस्ता-आहिस्ता बढ़ने का अनुमान लगाया है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। जमशेदपुर में 39.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया और यह सबसे गर्म शहर रहा, जबकि गुमला में न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बढ़ने के साथ लू का खतरा भी बढ़ गया है।
मौसम विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि 17 अप्रैल को पश्चिमी और उससे सटे मध्य हिस्सों में और 18 अप्रैल को पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी भागों में विभिन्न स्थानों पर हीट वेव चल सकती है। राजधानी रांची में गर्मी का असर दिखेगा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान 17 और 18 अप्रैल को लगाया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि गर्मी और हीट वेव से बचकर रहें।

