

नई दिल्ली : न्यूयॉर्क शहर के मेयर जोहरान ममदानी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत के 29 अगस्त को मैडिसन स्क्वायर गार्डन में प्रस्तावित कार्यक्रम का विरोध किया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह एक निजी कार्यक्रम है और इसे रद्द करने का अधिकार शहर के पास है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है। ममदानी ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन में RSS और प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़े सवाल पर कहा, “मैं इस रैली का समर्थन नहीं करता, लेकिन मुझे नहीं पता कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार शहर के पास है या नहीं।”





भारतीय मूल के न्यूयॉर्क मेयर ने कहा कि वह शहर के इतिहास में पहले भारतीय-अमेरिकी मेयर हैं और उनकी मां का परिवार अब भी भारत में रहता है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार ने उन्हें भारत की जो तस्वीर दिखाई और जिस भारत से वह परिचित रहे हैं, वह बहुलतावादी समाज और धर्मनिरपेक्ष गणराज्य का भारत है, जहां हर व्यक्ति को अपनेपन का अधिकार है।
ममदानी ने कहा कि किसी भी देश की बहिष्कारी सोच पर आधारित आंदोलन का उभार उनके लिए बेहद परेशान करने वाला है। उन्होंने कहा कि वह ऐसी विचारधारा के ‘‘गहरे विरोध’’ में हैं। उनके मुताबिक, यह विरोध सिर्फ भारतीय-अमेरिकी के तौर पर नहीं, बल्कि न्यूयॉर्क के मेयर के तौर पर भी है, क्योंकि उनका शहर हर व्यक्ति के रंग, धर्म, आस्था और मूल की परवाह किए बिना उसके अधिकार और अपनेपन में विश्वास करता है।
भागवत के कार्यक्रम के विरोध में कई अंतरधार्मिक और नागरिक अधिकार संगठनों ने न्यूयॉर्क सिटी हॉल के बाहर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इन संगठनों ने मैडिसन स्क्वायर गार्डन से कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। विरोध करने वाले संगठनों में हिंदूज फॉर ह्यूमन राइट्स, इंडियन अमेरिकन मुस्लिम काउंसिल और इंटरफेथ सेंटर ऑफ न्यूयॉर्क शामिल हैं।
