पाकुड़ : पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी गांव में एक 25 वर्षीय युवक के लापता होने से गांव में चिंता का माहौल है। लापता युवक की पहचान राम पहाड़िया के रूप में हुई है। बताया गया कि वह मंगलवार दोपहर गांव के पास स्थित बंद खदान में नहाने गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो खदान के किनारे उसके कपड़े और साबुन मिले, जबकि युवक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उसके खदान के गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई गई।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विनय कुमार, बीडीओ दिलीप टुडू और अंचलाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से युवक की तलाश की जा रही है। हालांकि अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला । घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव के लोग भी चिंतित हैं।


