Palamu Crime: झारखंड के पलामू जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। छतरपुर थाना क्षेत्र के भिखही गांव में शराब के नशे में हुए एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहाँ ससुर ने ही अपने दामाद को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय गांधी भुइयां के रूप में हुई है, जबकि हत्या का मुख्य आरोपी उसका ससुर जगदेव भुइयां है। छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बीती रात ससुर और दामाद दोनों साथ में शराब पीने गए थे।
शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस और विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आकर ससुर जगदेव भुइयां ने पास रखी कुल्हाड़ी से गांधी भुइयां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को एक मकई के खेत में फेंक दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपी ससुर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।


