Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के मैथन से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ अज्ञात उपद्रवियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया और परिवार को अंदर ही फंसाने के लिए दरवाजों की कुंडी बाहर से बंद कर दी।
घटना मैथन के आजाद नगर की है, जहाँ शनिवार की देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच अज्ञात लोगों ने प्रदीप बाउरी के घर के बाहर खड़ी महिंद्रा स्कॉर्पियो और एक बाइक में आग लगा दी। आगजनी की इस घटना ने तब और भयानक रूप ले लिया जब साजिशकर्ताओं ने घर के दोनों तरफ के दरवाजों को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया, ताकि परिवार अंदर ही फंस जाए।
गनीमत यह रही कि समय रहते परिवार के सदस्यों की नजर खिड़की से बाहर उठ रही आग की ऊंची लपटों पर पड़ गई। इसके बाद उन्होंने घबराकर शोर मचाना शुरू किया और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई। चीख-पुकार सुनकर जुटे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बाहर से लगे दरवाजे खोले, जिसके बाद परिवार के सदस्यों ने सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि, तब तक स्कॉर्पियो और बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही समाजसेवी रंजीत महतो मौके पर पहुँचे और थाना प्रभारी को फोन कर तत्काल मामले से अवगत कराया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के लोगों में भारी दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इस खतरनाक साजिश की निष्पक्ष जांच करने, दोषियों की जल्द पहचान करने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।


