हजारीबाग : इमली कोठी बिजली कार्यालय और सलीम टाल के समीप करीब आठ एकड़ खासमहल जमीन पर लगातार अतिक्रमण किए जाने का आरोप लगाया गया है। समाजसेवी बाबर कुरैशी ने इस मामले में जिला प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि इस जमीन को प्रशासन की ओर से कई बार अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद दोबारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत सामने आ रही है।
शहर के बीचोंबीच स्थित इतनी बड़ी सरकारी जमीन पर लगातार कब्जे की कोशिश को लेकर उन्होंने प्रशासन से निगरानी बढ़ाने और अतिक्रमण रोकने की मांग की।
बाबर कुरैशी ने यह भी मांग की कि जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराकर वहां सार्वजनिक पार्क विकसित किया जाए। उनका कहना है कि इससे शहरवासियों को बेहतर वातावरण मिलेगा तथा बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं-पुरुषों के लिए खेलने, टहलने और समय बिताने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की अपील की है।


