पलामू में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कोयला-बालू समेत चार वाहन जब्त

पलामू में जिला खनन पदाधिकारी के नेतृत्व में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोयला, बालू, डस्ट और बोल्डर लदे चार वाहन जब्त किए गए हैं।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
पलामू: पलामू जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिला खनन विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कोयला, बालू, डस्ट और बोल्डर लदे चार वाहनों को जब्त किया गया। सभी जब्त वाहनों को संबंधित थानों के सुपुर्द कर दिया गया है।

मगध कोलियरी से अवैध कोयला परिवहन का मामला

प्राप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग की टीम ने मगध कोलियरी से अवैध रूप से कोयला लोड कर ले जा रहे ट्रक (UP63T7697) को जब्त किया। इस मामले में नवाबाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं, अवैध बालू खनन और परिवहन के आरोप में बालू लदे एक ट्रैक्टर को भी जब्त कर नवाबाजार थाना को सौंप दिया गया।

छतरपुर में डस्ट और बोल्डर लदे वाहन जब्त

इधर, छतरपुर प्रखंड क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान डस्ट लदे एक ट्रेलर और बोल्डर लदे एक हाइवा को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए छतरपुर थाना के सुपुर्द कर दिया गया है।

अवैध खनन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अनधिकृत भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

खनन विभाग के अनुसार, खनिज संपदा की सुरक्षा और सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान पर रोक लगाने के लिए आगे भी छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।