रांची: नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने गोंदा थाना क्षेत्र में कांके डैम गेट के पास से एक युवक को 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांधीनगर फेज-1 निवासी प्रशांत सिंह (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और गश्ती अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि प्रशांत सिंह स्कूटी से ब्राउन शुगर लेकर गांधीनगर की ओर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम कांके डैम गेट के पास तैनात हो गई।
तलाशी में मिली 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर
रात करीब 10:05 बजे पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके काले ट्राउजर की जेब से प्लास्टिक की पुड़िया में रखी 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, ड्रग टेस्टिंग किट से जांच में पदार्थ की पुष्टि हुई।
आरोपी के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस ने बताया कि प्रशांत सिंह के खिलाफ इससे पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। गोंदा थाना में वर्ष 2021 में कांड संख्या 105/2021 के तहत धारा 21, 22 और 27 में मामला दर्ज किया गया था। वहीं, वर्ष 2023 में कांड संख्या 169/2023 के तहत धारा 21(बी) में भी मामला दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
मोबाइल और स्कूटी भी जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से 10.45 ग्राम ब्राउन शुगर के अलावा सिम कार्ड सहित एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी जब्त की है। स्कूटी का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01EW5982 बताया गया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


