
Palamu Murder Case : पलामू जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के मधुबना गांव में ताश खेलने के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान प्रभुनाथ रजवार के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम प्रभुनाथ रजवार गांव के कुछ लोगों के साथ बैठकर ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का ही उमेश सिंह हाथ में बलुआ लेकर वहां पहुंचा और अचानक प्रभुनाथ पर हमला कर दिया। हमले में उनका एक हाथ गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे जख्म आए।
गंभीर हालत में परिजन उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मधुबना गांव में धारदार हथियार से हत्या की घटना हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल में मृतक के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक खेतिहर मजदूर थे और गांव में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वहीं, पूर्व जिला परिषद सदस्य संदीप पासवान ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।

