
मेदिनीनगर : पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी और हत्या मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान गोलू सिंह उर्फ नितेश कुमार सिंह और ब्रह्मदेव सिंह के रूप में हुई है। दोनों ही रामपुर गांव के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 मई को रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मुठभेड़ हुई थी, जिसमें मारपीट और गोलीबारी भी हुई थी। इस घटना में 30 वर्षीय युवक सकेंद्र चौधरी की गोली लगने से मौत हो गई थी। साथ ही अन्य चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मृतक के पिता मधु सिंह के बयान पर चैनपुर थाना में 17 नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह जानकारी पलामू एसपी कपिल चौधरी ने दी। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को घटनास्थल से एक खोखा भी मिला है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

