रांची के पिठौरिया में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में एक व्यक्ति घायल

रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के कोकदोरो गांव में आपसी विवाद के दौरान हुई फायरिंग में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Pithoria Firing : रांची राजधानी रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र स्थित कोकदोरो गांव में मंगलवार को फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल की पहचान फिरोज अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, गोली लगने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया।

पुरानी रंजिश में चली गोली!

स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है। आरोप है कि अफसर अंसारी ने फिरोज अंसारी पर गोली चलाई, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

दो साल पुराने विवाद से जुड़ रहा मामला

ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो वर्ष पहले भी दोनों पक्षों के बीच गंभीर विवाद हुआ था। आरोप है कि उस दौरान फिरोज अंसारी के नाबालिग भतीजे की गोली मारकर हत्या के मामले में अफसर अंसारी के खिलाफ केस दर्ज हुआ था और वह जेल भी गया था। बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर तनाव बढ़ गया था।

हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस जुटी जांच में

घटना की सूचना मिलते ही पिठौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा फायरिंग के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।