
धनबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को कोयंबटूर के पोत्तनूर से धनबाद तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे। तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में पोत्तनूर–धनबाद और नागरकोइल–चर्लपल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस को एक साथ रवाना किया जाएगा।
11 मार्च को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन देर शाम या रात तक धनबाद पहुंचेगी। वहीं 14 मार्च को यही ट्रेन धनबाद से पोत्तनूर के लिए उद्घाटन स्पेशल के रूप में रवाना होगी। इस दौरान शाम में सांसद ढुलू महतो और स्थानीय विधायक हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे।
धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर आठ पर उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह दोपहर 2 बजे या शाम 5 बजे आयोजित होने की संभावना है। इसकी आधिकारिक सूचना जल्द जारी की जाएगी।
ट्रेन संख्या 16619 पोत्तनूर–धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार सुबह 6:15 बजे पोत्तनूर से चलकर सोमवार सुबह करीब 4 बजे धनबाद पहुंचेगी। वहीं ट्रेन संख्या 16620 धनबाद–पोत्तनूर अमृत भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार दोपहर 2 बजे धनबाद से रवाना होकर बुधवार दिन में 11:20 बजे पोत्तनूर पहुंचेगी।
इस ट्रेन की नियमित सेवा पोत्तनूर से 21 मार्च और धनबाद से 23 मार्च से शुरू होने की संभावना है। अमृत भारत एक्सप्रेस का प्राइमरी मेंटेनेंस कोयंबटूर यार्ड में किया जाएगा, जबकि धनबाद में सेकेंडरी मेंटेनेंस की जिम्मेदारी होगी।
यात्रा के दौरान ट्रेन में रांची, राउरकेला, टिटलागढ़, रायगढ़, राजमुंदरी, विजयवाड़ा और काटपाडी स्टेशनों पर जलापूर्ति (वाटरिंग) की व्यवस्था की गई है।
