
PM Modi news : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश में चल रही जनगणना केवल सरकार का कार्य नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान की सफलता में सभी लोगों की भागीदारी बेहद अहम है।
अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होने और जनगणना 2027 को सफल बनाने की अपील की।
क्यों कहा- हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है?
पीएम मोदी ने कहा कि जनगणना देश के विकास, नीतियों की योजना और संसाधनों के बेहतर वितरण के लिए बेहद महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सही आंकड़े तभी संभव हैं, जब नागरिक ईमानदारी और समय पर अपनी जानकारी साझा करें।
उन्होंने कहा कि “देश की जनगणना सिर्फ सरकारी काम नहीं है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है। आपकी भागीदारी बहुत जरूरी है।”
जानकारी रहेगी पूरी तरह सुरक्षित
प्रधानमंत्री ने नागरिकों की गोपनीयता को लेकर भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा दी गई सभी जानकारी सुरक्षित रखी जाएगी और डिजिटल सुरक्षा के साथ गोपनीय रूप से संरक्षित रहेगी।
डिजिटल होगी जनगणना 2027
पीएम मोदी ने बताया कि इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है।
मुख्य विशेषताएं
* घर-घर जाने वाले कर्मचारियों के पास मोबाइल ऐप होगा।
* वहीं पर जानकारी सीधे डिजिटल माध्यम से दर्ज की जाएगी।
* नागरिक खुद भी ऑनलाइन अपनी जानकारी भर सकेंगे।
* कर्मचारी के आने से 15 दिन पहले सेल्फ-एन्यूमरेशन की सुविधा उपलब्ध होगी।
प्रक्रिया पूरी होने पर मिलेगी विशेष आईडी
प्रधानमंत्री ने बताया कि जानकारी दर्ज करने के बाद नागरिकों को एक विशेष आईडी दी जाएगी, जो मोबाइल या ईमेल पर भेजी जाएगी। बाद में जब गणना कर्मचारी घर पहुंचेगा, तो उसी आईडी के जरिए जानकारी की पुष्टि हो सकेगी।
इससे दोबारा जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी और समय की बचत होगी।
अब तक 1.20 करोड़ परिवारों का सूचीकरण
पीएम मोदी ने बताया कि जिन राज्यों में स्व-गणना प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां मकान सूचीकरण का कार्य शुरू हो गया है। अब तक करीब 1 करोड़ 20 लाख परिवारों का मकान सूचीकरण पूरा किया जा चुका है।
पीएम की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बार लोगों का जनगणना अनुभव पहले से अलग और अधिक आसान होगा। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि सभी मिलकर जनगणना 2027 को सफल बनाएं।

