तकनीक के इस दौर में इंसान का विवेकपूर्ण होना जरूरी: प्रमोद अग्रवाल

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रोटरी क्लब रांची के सभागार में एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और जलवायु परिवर्तन से जुड़ी संभावनाओं तथा चिंताओं को लेकर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त आईएएस व कोल इंडिया के पूर्व चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल, क्लब अध्यक्ष ललित त्रिपाठी, सचिव शालिनी सिंघानिया और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान संस्था में 40 वर्ष की सेवा पूरी करने पर रमेश धरनिधरका और डॉ. आनंद सिन्हा को सम्मानित भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रमोद अग्रवाल ने कहा कि आग और पहिए के आविष्कार की तरह एआई भी मानव सभ्यता की विकास यात्रा का एक नया अध्याय है, जो हमारी सोच और जीवनशैली को तेजी से बदल रहा है। एआई कई क्षेत्रों में बड़े बदलाव ला सकता है, लेकिन इस पर अनियंत्रित निर्भरता से चुनौतियां भी उत्पन्न होंगी।
उन्होंने जोर देकर कहा कि आज तकनीक तेजी से बुद्धिमान हो रही है, इसलिए इंसान को और अधिक समझदार होना पड़ेगा, क्योंकि एआई के पास अपनी भावनाएं और मानवीय मूल्य नहीं होते। जलवायु परिवर्तन पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि एआई की वास्तविक सफलता तभी संभव है, जब इसका उपयोग प्रकृति की रक्षा और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए किया जाए।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष ललित त्रिपाठी ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा के लिए केवल मशीनें काफी नहीं हैं, बल्कि इंसानों की सोच और आदतों में बदलाव अनिवार्य है। हमें ऐसा विकास चाहिए जिसमें सुविधाओं के लिए प्रकृति को नुकसान न पहुंचाना पड़े। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए रोटरी इमेज चेयरमैन प्रवीण राजगढ़िया ने कहा कि तकनीक जीवन को आसान बनाने का साधन है और इसका संतुलन में इस्तेमाल ही बेहतर है। इस अवसर पर अनिल सिंह, जोगेश गंभीर, राजीव मोदी, मनोज तिवारी, रेखा सिंह, राजीव चड्ढा और डॉ. आनंद कुमार सिन्हा सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।