झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी, हॉस्पिटल मैनेजर और स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की होगी भर्ती

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के मेडिकल कॉलेजों, सदर अस्पतालों, अनुमंडल अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए हॉस्पिटल मैनेजर के पदों पर फिर से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले इस भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायत सामने आने के कारण इसे रद्द कर दिया गया था। अब राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत नए सिरे से कुल 201 पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस कदम से अस्पतालों के प्रबंधन को मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।

विभिन्न श्रेणियों में बांटे गए हैं पद

हॉस्पिटल मैनेजर के कुल 201 पदों में अलग-अलग श्रेणियों के लिए सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें अनारक्षित श्रेणी के 81 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 20 पद, एसटी के 52 पद, एससी के 20 पद, बीसी-1 के 16 पद और बीसी-2 के 12 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए उम्मीदवार 10 मार्च से 30 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

योग्यता और अनुभव भी तय

इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हेल्थ केयर से संबंधित पीजी डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा हॉस्पिटल मैनेजमेंट या हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन में एमबीए या पब्लिक हेल्थ केयर में स्नातकोत्तर डिग्री भी मान्य होगी। साथ ही उम्मीदवारों के पास कम से कम तीन साल का कार्य अनुभव होना जरूरी है। कंप्यूटर और हॉस्पिटल मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर की जानकारी भी जरूरी बताई गई है। चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 41 हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।

181 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की भी होगी नियुक्ति

राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत ही राज्य में 181 स्पेशलिस्ट मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति भी की जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से डॉक्टरों का चयन किया जाएगा। इस संबंध में सूचना जारी कर दी गई है और डॉक्टर 25 मार्च तक टेंडर भर सकते हैं।

डॉक्टरों को मिलेंगे बेहतर विकल्प

टेंडर प्रक्रिया में अधिकतम तीन लाख रुपये तक मानदेय देने की व्यवस्था रखी गई है। साथ ही डॉक्टरों को स्वास्थ्य संस्थानों के तीन विकल्प चुनने का अवसर भी दिया जाएगा। इस भर्ती से राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और अस्पतालों के बेहतर संचालन में मदद मिलने की उम्मीद है।

Share This Article