प्रियंका गांधी ने हाथी के हमले में मारे गए व्यक्ति के परिवार से मुलाक़ात की

वायनाड सांसद प्रियंका गांधी ने जंगली हाथी के हमले में मारे गए व्यक्ति के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

वायनाड (केरल): 25 सितंबर (भाषा) कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को वायनाड के सुल्तान बथेरी क्षेत्र के वडक्कनाड में जंगली हाथी के हमले में मारे गए राजीव के परिवार से मुलाकात की। पार्टी नेताओं ने यह जानकारी दी।

राजीव के परिवार ने प्रियंका को बताया कि जंगली हाथियों को इलाके में घुसने से रोकने के उपाय पर्याप्त नहीं हैं। उन्होंने हाथियों को सड़कों पर आने से रोकने के लिए निगरानी दल तैनात करने की मांग की।

पार्टी नेताओं ने बताया कि वन विभाग के अधिकारियों ने प्रियंका को परिवार की शिकायतों के जवाब में उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी।

प्रियंका ने राजीव की मौत पर दुख जताया और कहा कि वह परिवार की मांगों को वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लाएंगी।

इस दौरान सुल्तान बथेरी के विधायक आई. सी. बालकृष्णन भी मौजूद थे।

सुबह के समय प्रियंका ने सुल्तान बथेरी के गुरुकुलम में बिशप जोसेफ मार थॉमस से मुलाकात की।

बाद में, उन्होंने पल्पल्ली में आदिवासियों की बस्ती ‘चीयांबम उन्नति’ का दौरा किया, जहाँ पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाने वाले एक समूह ने उनका स्वागत किया।

उन्होंने बस्ती में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, जबकि वहां के निवासियों ने अपनी चिंताएँ उनके सामने रखीं।

बातचीत के बाद उन्होंने लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

शाम को प्रियंका ने मुल्लनकोल्ली में काली मिर्च उगाने वाले किसानों के साथ एक संवाद सत्र में हिस्सा लिया और उनकी समस्याएं सुनीं।

पार्टी नेताओं ने बताया कि किसानों ने उनसे कहा कि अच्छी गुणवत्ता की काली मिर्च की पौध की कमी, जलवायु परिवर्तन की वजह से सूखा पड़ना, सिंचाई की अपर्याप्त सुविधाएँ और लगभग एक दशक से काली मिर्च की कीमतों में कोई बढ़ोतरी न होना गंभीर मुश्किलें पैदा कर रहा है।

बैठक में सुल्तान बथेरी के विधायक और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद थे।

वायनाड की सांसद मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र में विकास कार्यों का जायजा लेने और निवासियों की समस्याएं सुनने के लिए पहुंची थीं।

अपने दौरे के दौरान वह अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों से भी मिल रही हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।